Bikaner Breaking
  • Home
  • Bharat
  • वो वकील बनना चाहती थी, शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय साक्षी की हत्या के बाद बोले पिता…
Image

वो वकील बनना चाहती थी, शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय साक्षी की हत्या के बाद बोले पिता…

RASHTRA DEEP NEWS BIKANER। दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में एक सिरफिरे आशिक ने 16 वर्षीय एक लड़की साक्षी की 16 से अधिक बार चाकू से वार कर और फिर पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। इस हत्याकांड के दौरान गली से गुजरे राहगीरों ने आरोपी को रोकने की कोशिश तक नहीं की। इस हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल के बाद अब लोगों में काफी रोष है। दिल्ली पुलिस ने हत्या के आरोपी 20 वर्षीय मोहम्मद साहिल को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित अपनी बुआ के घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि साक्षी और साहिल दोनों इस महीने की शुरुआत तक करीब दो साल से रिलेशन में थे। हालांकि, लड़की के माता-पिता ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि अपराध के पीछे साम्प्रदायिक एंगल नहीं था।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (कानून व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक न कहा, हमारी प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि अपराध में कोई साम्प्रदायिक एंगल नहीं है।
मृतका साक्षी अपने माता-पिता और 10 वर्षीय भाई के साथ घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर रहती थी। उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं और उसकी मां गृहिणी है। उसके पिता ने कहा कि साक्षी वकील बनना चाहती थी। अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए साक्षी के माता-पिता ने आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग की। उन्होंने कहा कि न तो साक्षी ने और न ही उसके दोस्तों ने उन्हें साहिल के बारे में बताया था।
पिता ने कहा, उसने हाल ही में अपनी कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा पास की है। वह वकील बनना चाहती थी और उसने 12वीं की परीक्षा पास करने का वादा किया था।

दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी सुमन नलवा ने कहा कि साहिल फ्रिज और एसी ठीक करने का काम करता था। उन्होंने कहा कि वह अपने माता-पिता और तीन भाई-बहनों के साथ शाहबाद डेरी इलाके में किराये के मकान में रहता था मृतका के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर शाहबाद डेरी थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतका साक्षी के बीच ‘प्रेम संबंध’ थे, लेकिन शनिवार को उनका झगड़ा हो गया था। लड़की रविवार शाम को अपनी सहेली की बेटी के जन्मदिन की पार्टी के लिए खरीदारी करने गई थी और तभी रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया और उस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, साहिल लड़की से रिश्ते खत्म होने के बाद गुस्से में थे और दोनों के बीच झगड़े ने उसे और आक्रोशित कर दिया, जिसके चलते उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि साक्षी के शरीर पर 34 घाव मिले हैं और उसकी खोपड़ी फट गई थी। अंतिम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से यह भी पता चला है कि साहिल को शक था कि लड़की ने अपने पूर्व प्रेमी से बात करना शुरू कर दिया है और उसका उस लड़के से संबंध है। उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

हत्याकांड का वीडियो वायरल, बता दें कि, इस घटना का लगभग 90 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, जिसमें आरोपी एक हाथ से लड़की को दीवार की तरफ धकेलकर बार-बार उस पर चाकू से वार करता नजर आ रहा है। वह लड़की के जमीन पर गिरने पर भी नहीं रुकता है, उस पर 20 से अधिक बार चाकू से वार करता है, उसे कई बार लात मारता है और फिर सीमेंट के स्लैब से उस पर कई बार हमला करता है। वीडियो में राहगीरों की चौंकाने वाली उदासीनता भी साफ दिखती है। वहां से गुजरते राहगीर घटना को देखते हुए नजर आते हैं, लेकिन बर्बर हमले से लड़की को बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं करते हैं। वीडियो में आरोपी बाद में घटनास्थल से सामान्य रूप से जाता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह फिर लौटता है और फिर से सीमेंट के स्लैब से लड़की पर हमला करता है। इसके बाद, वह घटनास्थल से फिर से आराम से जाता नजर आता है। पुलिस ने बताया कि साहिल ने घटना के तुरंत बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था और अपने परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर एक बस से बुलंदशहर में अपनी बुआ के घर चला गया था। पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं किया गया है।

हत्या से एक दिन पहले हुआ था झगड़ा, एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब साहिल से मृतका के साथ उसके रिश्ते के बारे में पूछा गया, तो उसने कहा कि उसकी जून 2021 से साक्षी से दोस्ती थी, लेकिन साक्षी ने कुछ दिन पहले उससे बात करना बंद कर दिया था और हत्या से एक दिन पहले दोनों का झगड़ा हुआ था। पुलिस साक्षी के हाथ पर बने ‘प्रवीण’ नाम के टैटू के बारे में भी और पता लगाने की कोशिश कर रही है, जो उसके अनुसार साहिल तथा लड़की के बीच आए दिन झगड़े की वजह हो सकता है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि साक्षी कहा कि वह पिछले 15 दिन से अपनी सहेली नीतू के साथ रह रही थी, क्योंकि नीतू का पति काम के सिलसिले में दिल्ली से बाहर था। वहीं रविवार की घटना को याद करते हुए दो बच्चों की मां नीतू ने कहा कि साक्षी उसकी बेटी के लिए जन्मदिन की पार्टी आयोजित करने में व्यस्त थी और पास के बाजार से बच्ची के लिए ड्रेस लेने गई थी।

नीतू ने दावा किया कि साक्षी और साहिल अक्सर आपस में लड़ते थे, लेकिन उसे उनकी ‘दोस्ती’ के बारे में छह महीने पहले ही पता चला था।

किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था साहिल, साहिल के मकान मालिक रामफूल ने बताया कि यह परिवार पिछले दो साल से उनके यहां किराये पर रहा था और साहिल किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। उन्होंने कहा कि वह एक साधारण- सा युवक था, जो अपने माता-पिता और तीन बहनों के साथ रहता था। वह किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था और कभी किसी लड़ाई में शामिल नहीं रहा, इसलिए उसके एक लड़की की बर्बरता से हत्या करने के बारे में सुनना बहुत हैरान करने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *