RASHTRADEEP NEWS

सिरसा विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे गोकुल सेतिया की सुरक्षा को पुलिस ने बढ़ा दिया है। उनको दो अतिरिक्त गनमैन दिए गए हैं। पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुभाषचंद ने थाना प्रभारी को तुरंत प्रभाव से उनको गनमैन उपलब्ध करवाने के आदेश दिए हैं। ज्ञात रहे कि गोकुल सेतिया ने बंबीहा गैंग से अपनी जान को खतरा बताया था।
इसके साथ ही डीएसपी ने सेतिया निवास के आसपास नियमित पेट्रोलिंग करने की भी हिदायत दी है। पुलिस विभाग द्वारा दो अतिरिक्त गनमैन चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक अस्थाई तौर पर गए हैं। गोकुल सेतिया को इससे पहले 3 गनमैन मिले हुए थे और अब इनकी संख्या 5 हो गई है।
गोकुल सेतिया इन दिनों चुनाव प्रचार पर हैं। उनका सिरसा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों व एरिया में प्रचार के लिए आना-जाना होता है। उनके आसपास गहमागहमी भी रहती है। ऐसे में सिरसा पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त संवेदनशील बनी हुई है। इससे पहले भी गोकुल सेतिया को आतंकी संगठनों की ओर से धमकी दी हुई है, इसलिए उन्हें पुलिस सुरक्षा पहले से ही प्रदान की गई है। ज्ञात रहे कि गोकुल सेतिया ने बंबीहा गैंग से अपने जीवन को खतरा बताते हुए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में सुरक्षा के लिए याचिका दाखिल की थी। उन्होंने बुलेट प्रूफ वाहन की मंजूरी के लिए भी आवेदन किया था। न्यायालय के आदेशों पर उनको 2 अतिरिक्त गनमैन उपलब्ध करवाए गए हैं।