🔴 Bikaner News Today
बीकानेर शहर में सीवरेज कार्य कर रही कंपनी पर मानो किसी का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। नियम-कायदों को ताक पर रखकर कंपनी अपनी सुविधा से काम कर रही है और हालात ऐसे हैं कि जिम्मेदार अधिकारी भी बेबस नजर आ रहे हैं। सियासी पहुंच के चलते न तो कंपनी पर ठेका रोकने की कार्रवाई हो पा रही है और न ही उसे किसी नियम में बांधा जा रहा है।
इस मनमानी का सीधा खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को सीवरेज कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के अंबेडकर सर्किल पर एक तरफ का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। जबकि खुदाई का काम केवल आधी सड़क पर चल रहा था। इसके बावजूद पूरे मार्ग को बंद कर देने से चारों ओर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सुबह से ही लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। स्कूल जाने वाले बच्चे, ऑफिस कर्मचारी, एंबुलेंस और मरीज—सब इस अव्यवस्था के शिकार बने। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी को न ट्रैफिक डायवर्जन की चिंता है और न ही आमजन की परेशानी से कोई सरोकार।
शहरवासियों का कहना है कि यदि यही हाल रहा तो बीकानेर की सड़कों पर चलना और मुश्किल हो जाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस “बेलगाम” कंपनी पर लगाम लगाएगा या फिर आमजन यूं ही परेशानी झेलता रहेगा।















