Rajasthan News
उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के उदयसागर पाल इलाके में सोमवार को पुलिस ने युवक की सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया। मृतक शंकरलाल डांगी निवासी भल्लों का छोटा गुड़ा की हत्या के आरोप में उसके ही पड़ोसी और भतीजे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शंकरलाल से लाखों रुपये का कर्ज ले रखा था। जिसे चुका पाने में असमर्थ होने पर उन्होंने हत्या जैसा जघन्य कदम उठाया।
आरोपियों की पहचान मांगीलाल उर्फ जगदीश डांगी और मदनलाल डांगी के रूप में हुई है। दोनों ने पहले शंकरलाल का गला तार से दबाया और फिर धारदार हथियार व हथौड़े से सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में कर्जदार हो गए थे और आर्थिक संकट से बचने के लिए इस साजिश को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ की, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में कर लिए। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शंकरलाल पेशे से फोटोग्राफर, प्रॉपर्टी डीलर और फाइनेंस का काम करता था। उसकी हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।


















