Bikaner Breaking
  • Home
  • Bharat
  • सोने से तेज निकली चांदी, ऐतिहासिक उछाल से बाजार में हलचल…
Image

सोने से तेज निकली चांदी, ऐतिहासिक उछाल से बाजार में हलचल…

⚪ Silver Price Today

सोमवार को वायदा बाजार में चांदी की कीमतों ने नया इतिहास रच दिया। मजबूत निवेश मांग और सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते चांदी पहली बार 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर गई। इस तेज उछाल से पूरे कमोडिटी बाजार में हलचल देखने को मिली।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 13,553 रुपये यानी 4.71 प्रतिशत की बड़ी तेजी के साथ 3,01,315 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी चमकी

वैश्विक स्तर पर भी चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मार्च डिलीवरी वाली चांदी 5.81 अमेरिकी डॉलर यानी 6.56 प्रतिशत की उछाल के साथ 94.35 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

चांदी की कीमतों में तेजी की बड़ी वजहें

विशेषज्ञों के अनुसार, औद्योगिक मांग में मजबूती और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने चांदी को मजबूत समर्थन दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और ऑटो सेक्टर में बढ़ती खपत के कारण चांदी की मांग लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि हाल के सत्रों में चांदी ने सोने से भी बेहतर प्रदर्शन किया है।

2025-26 में चांदी का शानदार प्रदर्शन

साल 2025 में चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली थी और 2026 की शुरुआत में ही इसने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जनवरी 2026 के अब तक के 19 दिनों में ही चांदी की कीमत करीब 65,614 रुपये प्रति किलो बढ़ चुकी है। गौरतलब है कि, 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2,35,701 रुपये प्रति किलोग्राम था, जो अब बढ़कर 3,01,315 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि, अगर वैश्विक संकेत इसी तरह सकारात्मक बने रहे और औद्योगिक मांग मजबूत रही, तो आने वाले समय में चांदी की कीमतों में और भी तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसे में निवेशकों की नजर अब अगले रिकॉर्ड पर टिकी हुई है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *