⚫ Bikaner News Today
विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 अभियान के तहत निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतना एक बीएलओ को भारी पड़ गया है। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 131 के बूथ लेवल अधिकारी एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ सहायक ललित नारायण आचार्य को निर्वाचन कार्यों में शिथिलता और अकर्मण्यता के आरोप में 17 सीसी का नोटिस जारी किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित बीएलओ को पूर्व में ही ईआरओ बीकानेर (पश्चिम) की ओर से कारण बताओ नोटिस दिया गया था, बावजूद इसके उन्होंने कार्य के प्रति लापरवाही जारी रखी। इस पर निर्वाचन कार्यालय ने सख्त रुख अपनाते हुए 15 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। यदि निर्धारित अवधि में बीएलओ द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो विभाग एकतरफा कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को निलंबन की अनुशंसा करेगा।
यह मामला निर्वाचन प्रक्रिया की गंभीरता और प्रशासन की जवाबदेही को रेखांकित करता है। अधिकारी सूत्रों का कहना है कि ऐसे मामलों में लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















