RASHTRADEEP NEWS
तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम गुरुचरण सिंह 25 दिन के बाद घर लौट आए हैं और उन्होंने अपने लापता होने के पीछे की पूरी कहानी भी बताई है। उन्होंने बताया कि वो धर्म के रास्ते पर निकल पड़े थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी और आखिरकार एक्टर सही सलामत घर लौट आए हैं। गुरुचरण ने बताया है कि वह दुनिया की मोह माया को त्याग कर धार्मिक यात्रा पर निकल पड़े थे।
गुरुचरण के लौटने पर पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया है। जिसमें उन्होंने बताया कि सांसारिक जीवन त्याग कर वह घर से दूर चले गए थे। इन 25 दिनों में गुरुचरण ने पहले कुछ दिन अमृतसर में बिताए और फिर वह लुधियाना चले गए। गुरुचरण के मुताबिक वह कई शहरों के गुरुद्वारों में रहे, लेकिन जब उन्हें लगा कि अब घर लौट जाना चाहिए तो वह वापस आ गए।
आपको बता दें कि गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल से लापता थे, लेकिन जब वह घर नहीं लौटे तो 26 अप्रैल को ये खबर आग की तरह फैल गई। गुरुचरण सिंह दिल्ली से मुंबई के लिए निकले थे और आखिरी बार उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर देखा गया था। इसके बाद उनके पिता ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। गुरुचरण सिंह के लापता होने के इस मामले में चौंकाने वाली बातें भी सामने आईं। पुलिस की जांच में पता चला था कि वह 10 बैंक अकाउंट और कई जीमेल अकाउंट चलाते हैं। लापता होने के बाद उन्होंने अपने अकाउंट से कुछ रुपये भी निकाले थे। ये कयास लगाए जा रहे थे कि गुरुचरण सिंह अपनी मर्जी से गए हैं। वहीं उनके कुछ दोस्तों ने ये भी बताया था कि उनका झुकाव धर्म की तरफ होने लगा था। आखिरकार वही हुआ वह अपनी मर्जी से धार्मिक यात्रा पर निकले थे।