⚫ Bikaner News Today
बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के गोडू गांव में रविवार को मंदिर ट्रस्ट को लेकर चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक रूप ले गया। गोडू धोरा मंदिर ट्रस्ट की आमसभा बैठक के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट और छीना-झपटी हो गई। इस झड़प में कई लोग घायल हो गए, जबकि इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
गोडू निवासी गोपीराम पुत्र बगडूराम बिश्नोई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी और साथियों के साथ ट्रस्ट की आमसभा में खाता खोलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान करीब 20-25 लोग हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और हमला कर दिया।
परिवादी के अनुसार, सुंदर पुत्र पृथ्वीराम, पृथ्वीराम पुत्र रामराख, बुधराम पुत्र शिवलाल, अनोपाराम पुत्र शिवलाल, काशीराम पुत्र गोवरधनराम, हरीराम पुत्र रणजीतराम, ओमप्रकाश पुत्र मगनाराम, रामचंद्र पुत्र ईश्वरराम, बिसनाराम पुत्र रामचंद्र, गंगाराम पुत्र फुसाराम, रामस्वरुप पुत्र रामकरण, भूपराम पुत्र बरवारीलाल, श्रीचंद पुत्र बनवारीलाल, रामकुमार पुत्र छगनाराम, दूधाराम पुत्र धनाराम, मदन दूधाराम, शारदा पुत्री मगनाराम, बनवारी पुत्र रामकरण सहित अन्य ने मिलकर हमला किया।
गोपीराम ने बताया कि, मीटिंग शुरू होते ही आरोपियों ने अचानक धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान पृथ्वीराम ने पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि काशीराम ने कहा कि माउजर में पूरी मैगजीन भरी है, किसी को पता भी नहीं चलेगा। झड़प के दौरान गीता के गले की सोने की कंठी छीन ली गई, वहीं गंगाबिशन ने ओमप्रकाश के पास रखे एक हजार रुपए भी लूट लिए। गोपीराम का दावा है कि हमले में उसका थैला जिसमें ट्रस्ट के कागजात, 11 हजार रुपए, पैन कार्ड आदि थे, वहीं छूट गया।
परिवादी ने बताया कि यह विवाद लंबे समय से चल रहा है। उनका कहना है कि मंदिर का ट्रस्ट उनके परिवार का है और वर्षों से वे पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं, मगर आरोपी जबरन मंदिर और ट्रस्ट पर कब्जा करना चाहते हैं। पहले भी इसी विवाद को लेकर मारपीट हो चुकी है, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, गोपीराम ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।














