⚫Israel Iran War News
मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई प्रमुख शहरों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह जोरदार धमाकों और एयर डिफेंस सायरनों की आवाज़ें सुनी गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में ईरान के कई संवेदनशील और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें:
- खुफिया मंत्रालय
- रक्षा मंत्रालय
- ईरान का परमाणु ऊर्जा संगठन
- सुप्रीम लीडर अली खामेनेई का कार्यालय
हमले के बाद खामेनेई को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। इजराइली हमले के जवाब में ईरान ने भी जोरदार प्रतिक्रिया दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने लगभग 400 मिसाइलें दागते हुए इजराइल पर बड़े पैमाने पर पलटवार शुरू कर दिया है। इससे पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। इजराइल ने इस सैन्य अभियान को “लियोनस् रोर” (Lion’s Roar) नाम दिया है। वहीं अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, यह अमेरिका और इजराइल का संयुक्त सैन्य ऑपरेशन हो सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पहले ही ईरान को चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि: इस कार्रवाई का उद्देश्य अमेरिका और उसके नागरिकों को संभावित खतरे से बचाना है। ट्रम्प के अनुसार, अमेरिकी सेना ईरान के मिसाइल प्रोग्राम को खत्म करने और उसकी सैन्य क्षमता को कमजोर करने पर काम कर रही है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत जारी थी। इस वार्ता में सबसे बड़ा विवाद बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम को लेकर है।
- ईरान ने इसे अपनी “रेड लाइन” बताया है
- ईरान का कहना है कि मिसाइल प्रोग्राम उसकी रक्षा के लिए जरूरी है
- तेहरान स्पष्ट कर चुका है कि इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा


















