RASHTRADEEP NEWS
टोंक जिले के देवली में 4 महीने की गर्भवती का शव फंदे से लटका मिला। उसके दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। कमरे में खून बिखरा हुआ था। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना दूनी थाना इलाके के राजमहल गांव में शुक्रवार सुबह 9 बजे की है।
डीएसपी रामसिंह जाट ने बताया कि, स्वामी का बास (चाकसू) निवासी ममता लोधा (32) की राजमहल गांव के नंद किशोर लोधा (29) से नाता प्रथा से शादी हुई थी। ममता 4 महीने की गर्भवती थी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि ममता ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि ममता के दोनों हाथ की नस कटी हुई हैं और शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ है। कमरे में खून भी बिखरा हुआ था। टोंक से FSL टीम और देवली से MIU टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए। शव को दूनी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। चाकसू से परिजन के आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया गया। फिलहाल मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।