RASHTRADEEP NEWS
राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा गांव में आदमखोर तेंदुए की दहशत से शुक्रवार सुबह लोगों को मुक्ति मिल गई। शार्प शूटर ने मदार इलाके में आदमखोर तेंदुए को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस तहसील इलाके में तेंदुए ने बीते करीब 1 महीने से आतंक मचा रखा था। तेंदुए के हमले में यहां 8 लोगों की जान जा चुकी थी, जिसके बाद वन विभाग ने आदमखोर को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी, जिसमें आज सुबह सफलता मिल गई। तेंदुए को गोली मारने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मदार के लिए रवाना हो गई।
मौके पर पहुंचकर वन विभाग की टीम मारे गए तेंदुए की जांच करेगी। उसके बाद इसकी पुष्टि हो पाएगी कि जो तेंदुआ मारा गया है वो ‘आदमखोर’ था या नहीं। इंसानों का शिकार करने वाले तेंदुए की पहचान कई तरह से की जाती है। अधिकारियों के अनुसार, आदमखोर तेंदुए के शिकारी दांत या तो घिस जाते हैं या टूट जाते हैं। मौके पर पहुंचकर इसकी जांच की जाएगी। मदार से तेंदुए के शव को जांच के लिए सेंटर में भी भेजा जाएगा, जहां उसकी डिटेल्ड जांच हो सकेगी।