Rajasthan Crime News
राजस्थान श्रीगंगानगर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां चरित्र पर शक के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना श्रीगंगानगर के रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पोल फैक्ट्री में हुई।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से नेपाल के दांग जिले की रहने वाली 29 वर्षीय सरिता की हत्या उसके पति सुनील नेपाली ने की। दोनों पति-पत्नी रीको स्थित शिव शक्ति इंडस्ट्रीज के क्वार्टर में रहते थे और उसी फैक्ट्री में काम करते थे। बताया जा रहा है कि सुनील को सरिता और फैक्ट्री में काम करने वाले एक मजदूर के बीच अवैध संबंधों का शक था, जिससे नाराज़ होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
रात 11 बजे हुई वारदात, हालत बिगड़ने पर जयपुर रेफर
यह दिल दहला देने वाली घटना 21 अप्रैल की रात लगभग 11 बजे की है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल सरिता को उसका भाई, मां और आरोपी पति खुद जनसेवा अस्पताल लेकर पहुंचे। स्थिति बिगड़ने पर 22 अप्रैल की सुबह उसे जयपुर एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां सीटी स्कैन और ईसीजी के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव पर चोट के गहरे निशान, मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
सरिता के पूरे शरीर पर मारपीट के गहरे निशान मिले हैं, जिसे देखकर जिला अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल ज्यूरिस्ट बोर्ड का गठन किया। पोस्टमार्टम के बाद शव को मृतका की मां और भाई को सौंप दिया गया है।
मामला दर्ज पुलिस जांच में जुटी
मृतका के भाई विशाल परिहार की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी पति सुनील के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


















