🔴 Bikaner News Today
बीकानेर शहर के मुक्ताप्रसाद क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित थे, लेकिन विधायक के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही उद्घाटन कर दिया गया।
इस घटना से नाराज विधायक जेठानंद व्यास और उनके समर्थकों ने गहरी नाराजगी जताई। विधायक के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर असंतोष व्यक्त किया।
मीडिया से बातचीत में विधायक व्यास ने कहा —
यह पहली बार नहीं हुआ है। पहले भी गंगाशहर क्षेत्र में ऐसा किया गया था, जिसमें मेरा और सिद्धि बाईसा का नाम तक नहीं जोड़ा गया था। उस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष का नाम था। आज भी मेरे पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही फीता काट दिया गया। इससे थोड़ी निराशा हुई, इसलिए वापस लौट आया।
जानकारी के अनुसार, विधायक व्यास सुबह से कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों और आयोजकों से लगातार संपर्क में थे, लेकिन उनके पहुंचने से 3-4 मिनट पहले ही स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करा दिया गया।














