RASHTRADEEP NEWS
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। पिछली बार की तरह इस बार भी कुल सात चरणों में वोटिंग होगी। पहले फेज में वोटिंग की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी। वहीं आखिरी चरण में 1 जून को मतदान किए जाएंगे। चार जून को लोकसभा चुनाव के रिजल्ट आएंगे। राजस्थान में इस बार दो चरण में वोटिंग होनी है। यूं तो राजस्थान में 25 लोकसभा सीटें हैं लेकिन कुछ सीटें ऐसी हैं जहां सभी की नजरें हैं। इस रिपोर्ट में ऐसी 5 हॉट सीटों के बारे में डिटेल में जानकारी दी गई है।
पहले चरण के तहत बीकानेर में 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। दलित नेता और मोदी मंत्रिमंडल के प्रमुख चेहरों में से एक अर्जुन राम मेघवाल 2009 से बीकानेर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कांग्रेस ने पिछली गहलोत सरकार में मंत्री रहे गोविंद राम मेघवाल को टिकट दिया है। 2009 से भाजपा का कब्जा।
राजस्थान के जोधपुर में दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल (शुक्रवार) को वोटिंग होगी। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर से दो बार से सांसद हैं। उन्होंने 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को 2.74 लाख वोटों के रिकॉर्ड अंतर से हराया था। जोधपुर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गृह जिला है।
जयपुर में 19 अप्रैल को पहले चरण में वोटिंग होगी। राज्य की राजधानी होने के चलते जयपुर को लोकसभा की ‘वीआईपी सीट’ माना जाता है। भाजपा के रामचरण बोहरा यहां से दो बार से सांसद हैं। आमतौर पर इसे भाजपा की सीट माना जाता है। भाजपा एवं कांग्रेस दोनों ने ही अभी यहां उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।
सीकर में भी 19 अप्रैल को पहले चरण के तहत वोट डाले जाएंगे। सीकर जाट और किसान बहुल लोकसभा क्षेत्र है जिसका प्रतिनिधित्व 2014 से भाजपा के स्वामी सुमेधानंद कर रहे हैं। यह शेखावाटी इलाके में आती है जो अपनी हवेलियों के लिए प्रसिद्ध प्रमुख पर्यटक केंद्र है। सीकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का गृहनगर भी है। कांग्रेस ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
कोटा में दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल (शुक्रवार) को वोटिंग होगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 2014 से कोटा-बूंदी से सांसद हैं। उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव 2.79 लाख वोटों के अंतर से जीता था।