Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • तीन महीने पहले गूंजी थी बेटी की किलकारी, हाईटेंशन लाइन के करंट से पिता-पुत्र की मौत…
Image

तीन महीने पहले गूंजी थी बेटी की किलकारी, हाईटेंशन लाइन के करंट से पिता-पुत्र की मौत…

🟡 Rajasthan News Today

प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र के खरखड़ा गांव में मंगलवार को खेत में काम करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में ट्रॉली से खाद डालते समय ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन के झूलते तार के संपर्क में आने से पिता और पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार खरखड़ा निवासी गोवर्धन डांगी (60) अपने बेटे नरेंद्र डांगी (25) के साथ खेत में ट्रॉली की मदद से खाद डाल रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का झूलता हुआ तार ट्रॉली से छू गया। तार के संपर्क में आते ही ट्रॉली में तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को अरनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि नरेंद्र डांगी की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और करीब तीन महीने पहले ही उसके घर बेटी का जन्म हुआ था। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गोवर्धन डांगी का परिवार पूरी तरह खेती पर निर्भर है और उनके अन्य दो बेटे भी कृषि कार्य करते हैं। स्थानीय लोगों ने झूलते बिजली तारों को लेकर बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और ऐसी घटनाओं से बचने के लिए समय पर लाइन की मरम्मत और निगरानी की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *