Donald Trump on Kashmir
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम समझौते को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने इस अहम समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने कश्मीर विवाद के स्थायी समाधान के लिए भारत और पाकिस्तान के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई है।
रविवार को अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने लिखा, “मैं भारत और पाकिस्तान के साथ मिलकर देखना चाहता हूं कि क्या ‘हजार साल’ पुराने इस जटिल कश्मीर मुद्दे का कोई स्थायी हल निकाला जा सकता है। भगवान दोनों देशों के नेतृत्व को उनके समझदारी भरे निर्णयों के लिए आशीर्वाद दें।”
संघर्ष विराम को बताया “बुद्धिमानी भरा फैसला”
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम को एक “साहसिक और बुद्धिमानी भरा फैसला” करार दिया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब हालात गंभीर रूप से हिंसक हो सकते थे। ट्रंप ने चेताया कि अगर तनाव बढ़ता, तो “लाखों मासूम और निर्दोष लोगों की जान जा सकती थी।”
उन्होंने कहा, “मुझे भारत और पाकिस्तान के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व पर गर्व है। उन्होंने यह समझा कि अब आक्रामकता को रोकने और शांति को प्राथमिकता देने का समय है।”
ट्रंप का यह बयान न सिर्फ कश्मीर मुद्दे पर वैश्विक नजरिए को एक बार फिर सामने लाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अमेरिका क्षेत्रीय स्थिरता में अपनी भूमिका बढ़ाने को तैयार है। अब देखना यह होगा कि भारत और पाकिस्तान इस पहल पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

















