🟡 Bikaner News Today
बीकानेर शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। कोडमदेसर से गांधी प्याऊ जाने वाली सड़क पर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि SUV करीब 200 मीटर तक दोनों युवकों को घसीटती हुई ले गई। हादसे में एक युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, 5 युवक 3 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कोडमदेसर भेरूजी मंदिर में दर्शन करने गए थे। रात को दर्शन कर सभी बीकानेर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोहित पारीक (22) निवासी सांडवा (चूरू) हाल शीतला गेट, बीकानेर और प्रमोद पंवार (23) निवासी जैन स्कूल के पीछे, गोगागेट, बीकानेर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत पीबीएम हॉस्पिटल ले जाया गया। मोहित पारीक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। प्रमोद पंवार ने करीब साढ़े तीन घंटे इलाज के बाद दम तोड़ दिया। हादसे के बाद थार का चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार गाड़ी के मालिक का नाम रामनिवास ज्याणी है, जो बीकानेर का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना नीतिन गहलोत ने पुलिस को दी, जो अपने साथी गिरधारी सांखला के साथ दूसरी बाइक पर पीछे आ रहा था।
सोमवार सुबह मृतकों के परिजन और परिचित पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।घटना की सूचना मिलते ही कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, जिनमें राजेंद्र पंवार, वेदव्यास, अनूप गहलोत, किशोर आचार्य, दीपक गहलोत, भव्य दत्त भाटी, विक्रम सिंह राजपुरोहित, निर्मल गहलोत और कांग्रेस नेता कैलाश गहलोत शामिल रहे।
इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता हुई। प्रशासन ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।















