Bikaner News Today
बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र से मंगलवार को लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं और एक महिला के मामले में पुलिस को आंशिक सफलता मिली है। थानाधिकारी परमेश्वर सुथार ने बताया कि देर रात हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पुलिस टीम को दोनों बालिकाएं सुरक्षित मिल गईं। हालांकि, उनके साथ घर से निकली महिला का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सुजानदेसर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला दो बालिकाओं को लेकर रामदेवरा मेले में जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन नाकाम रहने पर गंगाशहर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की और रेलवे स्टेशन पर दोनों नाबालिग मिल गईं। दोनों बालिकाओं को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। जबकि महिला की खोजबीन के लिए टीमें सक्रिय हैं। पुलिस का कहना है कि महिला के लापता होने की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।














