Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर होटल विवाद में आमने-सामने आए दो पक्ष, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज…
Image

बीकानेर होटल विवाद में आमने-सामने आए दो पक्ष, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज…

⚪ Bikaner Hotel Dispute

बीकानेर शहर के सार्दुलसिंह सर्किल क्षेत्र में एक होटल पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद शनिवार रात अचानक हिंसक रूप ले बैठा। होटल में घुसपैठ और आमने-सामने की स्थिति से इलाके में तनाव फैल गया। हालात बिगड़ने की सूचना पर कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शांति भंग के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के चलते देर रात कई लोग गाड़ियों में सवार होकर होटल पहुंचे और जबरन भीतर घुस गए। होटल में मौजूद लोगों ने विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति बन गई। शोरगुल के चलते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कानून-व्यवस्था पर खतरा उत्पन्न हो गया। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से मां और उसकी नाबालिग बेटी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 6 से 7 युवक हथियारों—तलवार और लाठियों—के साथ होटल में घुसे, छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों को जबरन ऊपर कमरे में ले जाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोटगेट थाना प्रभारी धीरेन्द्रसिंह शेखावत ने बताया कि होटल पर कब्जे को लेकर सभी कागजातों की जांच की जा रही है और पूर्व में भी इस संपत्ति को लेकर विवाद व मुकदमेबाजी सामने आई है। शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें नए दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *