Bikaner Breaking
  • Home
  • Rajasthan
  • शादी से कुछ घंटे पहले सगी बहनों की रहस्यमयी मौत, पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार…
Image

शादी से कुछ घंटे पहले सगी बहनों की रहस्यमयी मौत, पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार…

🟡 Rajasthan Crime News

जोधपुर के सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के दिन ही दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों की बारात कुछ ही घंटों में आने वाली थी।

मृतक बहनों की पहचान शोभा सिंह (25) और विमला सिंह (23) के रूप में हुई है। दोनों निजी स्कूल में शिक्षिका थीं और शुक्रवार को उनकी शादी तय थी। परिवार के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। रात होते-होते हालत और गंभीर हो गई। गांव के एक कंपाउंडर को बुलाया गया, जिसने तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी। तड़के करीब 3 बजे परिजन उन्हें जोधपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामले में नया मोड़ तब आया जब परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर जांच शुरू कर दी।

पश्चिमी जोधपुर के एडीसीपी रोशन मीणा के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।वहीं, मृतक बहनों के मामा जसवंत सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि दोनों लड़कियां इस शादी से खुश नहीं थीं। इस बयान के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या, दबाव में शादी और अन्य संभावित कारण शामिल हैं। पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *