RASHTRADEEP NEWS
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनलाल मेघवाल की मीरा बाई पर टिप्पणी के बाद विरोध नजर आ रहा है। राजपूत समाज में केंद्रीय मंत्री का भारी विरोध नजर आ रहा है। जिसके चलते राजपूत समाज के अलग-अलग संगठनों ने मेघवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने आड़े हाथ लेते हुए कहा, उन्हें अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए। पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया। यह कई दिनों से केंद्रीय मंत्री की चमचागिरी में बाबा साहब का अपमान कर रहे हैं। अब मीराबाई का अपमान कर रहे हैं। मंत्री इतिहास को ठीक करने की बात कर रहे हैं। अर्जुनराम जी को घमंड हो गया है, आप कौन हैं, आपको किसने अधिकार दिया की भक्त शिरोमणि मीरा के लिए इसी बात बोलने का? आप माफी मांगिए और बीजेपी को भी माफी मांगनी चाहिए। ऐसा नहीं किया तो आपको परिणााम भुगतने होंगे।
इस बयान पर मचा है बवाल
दरअसल, सोमवार 23 दिसंबर को वे सीकर जिले के पिपराली स्थित श्रीश्याम गौशाला की स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा था कि मीरा बाईसा के पति कुंवर भोजराज जी की मृत्यु खानवा युद्ध में हुई थी। उनका दावा था कि विवाह के एक साल बाद भोजराज जी की मृत्यु हो गई थी। मीरा बाईसा का देवर उनसे विवाह करना चाहता था। केंद्रीय मंत्री के संबोधन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इसी संबोधन को लेकर राजपूत समाज ने एतराज जताते हुए केंद्रीय मंत्री से माफी मांगने की बात कही है।