RASHTRADEEP NEWS
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के उस आरोप पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने चीन और कांग्रेस के बीच लिंक होने का दावा किया था।
शशि थरूर ने कहा- इस तरह की राजनीति एकदम अर्थहीन है। किसी भी राजनीतिक पार्टी को देश विरोधी नहीं कहा जाना चाहिए। भारत किस तरह से प्रगति करे और लोकतांत्रिक देश के रूप में इसका भविष्य कैसा होगा, इसको लेकर हमारे विचार अलग है। गलवान में 20 भारतीय सैनिकों की मौत के बाद चीन पर कठोर नीति नहीं अपनाने के लिए हमने इस सरकार की आलोचना की थी। इस तरह के बयानों का कोई मतलब नहीं है।
इसके पहले, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने न्यूज़ वेबसाइट ‘न्यूज़ क्लिक’ पर चीन से फंड लेने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लिया था।
भाजपा नेता ने कहा- राहुल जी की नकली मोहब्बत की दुकान में चीनी सामान सामने आने लगा है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि एक एजेंडे के तहत भारत के ख़िलाफ दुष्प्रचार किया जाता था।
चीन के प्रति प्यार दिखता था। भारत के ख़िलाफ़ दुष्प्रचार विदेशी जमीन पर और विदेशी न्यूज़ एजेंसियों के माध्यम से भी, प्रोपेगेंडा के तहत होता था। एक एजेंडा था एंटी इंडिया और ब्रेक इंडिया कैंपेन का। इनके यहां सारा सामान चीनी है और चीन का सम्मान है। साथ ही आरोप लगाया, कांग्रेस, चीन और न्यूज़ क्लिक सभी एक भारत विरोधी गर्भनाल से जुड़े हुए हैं।