RASHTRADEEP NEWS
दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ई.डी. द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष है, जिसके चलते अब पंजाब भर के सभी मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता और अन्य नेता इस गिरफ्तारी के खिलाफ शुक्रवार को मोहाली में रोष प्रदर्शन करेंगे।
आम आदमी पार्टी के विधायक चौधरी मदनलाल बग्गा ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सरासर गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी जहां सुप्रीम कोर्ट की शरण में जाएगी, वहीं इस गिरफ्तारी के खिलाफ हर तरह से आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी केवल और केवल सियासी प्रतिशोध है। बग्गा ने बताया कि आज पार्टी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कल पंजाब के आम आदमी पार्टी के सभी मंत्री, विधायक कार्यकर्ता और अन्य नेता बड़ी संख्या में मोहाली में एकत्रित होकर इस गिरफ्तारी के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए अरविंद केजरीवाल के हक में आवाज बुलंद करेंगे।
पार्टी की आवाज को इस तरह नहीं दबाया जा सकता क्योंकि लोग अच्छी तरह जानते हैं कि कौन आम लोगों के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अरविंद केजरीवाल उन नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने गरीबों और दिल्ली के लोगों के लिए काम किया।