⚫ Bikaner Proud News
मानव सेवा और त्याग की मिसाल पेश करते हुए वैद्य जमनालाल स्वामी ने अपनी अंतिम इच्छा के अनुसार मरणोपरांत अपनी पार्थिव देह एसपी मेडिकल कॉलेज बीकानेर को अध्ययन एवं शोध के लिए दान कर दी। शनिवार दोपहर उनके परिजनों ने एनाटॉमी विभाग को देह सौंपते हुए स्वामी के महान संकल्प को साकार किया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. नवरंग लाल महावर सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर वैद्य स्वामी को श्रद्धांजलि दी।
एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा,
“देहदान मृत्यु के बाद भी जीवन को नया अर्थ देता है। एक देह से सैकड़ों विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करते हैं, जिससे भविष्य में हजारों मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। यह सबसे पवित्र और सर्वोच्च दान है, सभी नागरिकों को इससे जुड़कर मानवता की सेवा करनी चाहिए।” विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि ने कहा कि देहदान समाज के लिए सबसे बड़ा पुण्य है, और इससे मेडिकल शिक्षा को मजबूत आधार मिलता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य में आगे आने का आग्रह किया।
इस भावुक अवसर पर डॉ. जसकरण सिंह, डॉ. रामेश्वर व्यास, डॉ. कौशल रंगा, डॉ. हेमंत, डॉ. भारती, डॉ. सागरिका, डॉ. रॉबिन, डॉ. सुनील, डॉ. भव्या, डॉ. न्यूमन, मनोज, रामेश्वरी, श्रीवल्लभ सहित अनेक चिकित्सक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे और स्वर्गीय जमनालाल स्वामी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।














