🔴 Bangladesh Hindu Attacked
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मयमनसिंह जिले में एक कपड़ा फैक्ट्री के भीतर हिंदू युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बजेंद्र बिसवास के रूप में हुई है। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे फैक्ट्री परिसर में बने बैरक में तैनात आरोपी नोमन मियां ने बजेंद्र पर गोली चला दी। गोली बजेंद्र की बाईं जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय कमरे में किसी बात को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान अचानक नोमन मियां ने शॉटगन तानते हुए धमकी दी और बिना किसी चेतावनी के ट्रिगर दबा दिया। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले इसी जिले में दीपू चंद्र दास की हत्या ने पूरे देश में आक्रोश पैदा किया था। इसके बाद अमृत मंडल की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। सरकार ने अमृत मंडल की हत्या को सांप्रदायिक हिंसा मानने से इनकार करते हुए उसे उगाही से जुड़ा मामला बताया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या ये घटनाएं महज आपराधिक हैं या इसके पीछे सांप्रदायिक तनाव की गहरी परतें छिपी हैं—यह बहस अब और तेज हो गई है।


















